
परासिया। वेकोलि कन्हान क्षेत्र की अंबाडा मोआरी कल्याणी बंद ओपन कास्ट खदान में बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। खदान की छानी धसकने से मलबे में दबकर दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान अंबाडा निवासी हासीम खान पिता खंजर खान और मोहम्मद ओवैस पिता शाहिद (19 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 14 अंबाडा के रूप में हुई है। घायल युवक मुकेश यादव पिता मोहन यादव (20 वर्ष) को सिर और पैर में गंभीर चोट आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय आधा दर्जन युवक खदान से अवैध रूप से कोयला निकाल रहे थे। तभी अचानक कोयले की छानी भरभराकर गिर पड़ी और यह हादसा हो गया।
अवैध उत्खनन पर सवाल
मोआरी ओपन कास्ट खदान को दो वर्ष पूर्व बंद कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद यहां बड़े पैमाने पर कोल माफियाओं द्वारा अवैध उत्खनन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि खदान की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ की तैनाती है, फिर भी खुलेआम कोयले की निकासी की जा रही थी। प्रबंधन व सुरक्षा तंत्र की अनदेखी इस हादसे का बड़ा कारण मानी जा रही है।
प्रबंधन की लापरवाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि खदान से लगे मोआरी भूमिगत खदान में प्रतिदिन अधिकारी आते-जाते हैं, लेकिन उन्हें भी अवैध खनन दिखाई नहीं दिया। हादसे के लगभग दो घंटे बाद प्रबंधन अधिकारी मौके पर पहुँचे। इस लापरवाही और सीआईएसएफ की संदिग्ध भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विधायक पहुुंचे, दी सांत्वना
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सोहन वाल्मीक मौके पर पहुँचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और शासन से आर्थिक सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
गाज गिरना लगभग तय
बीते दिन कन्हान क्षेत्र की दमुआ बंद ओपन कास्ट में हुई कामगार की मौत के मामले में खान सुरक्षा निदेशालय द्वारा मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच करते हुए मामले में जांच रिपोर्ट तैयार की गई है। बताया जा रहा है कि मामले में प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है जिसे लेकर स्थानीय प्रबंधक और सवएरिया मैनेजर पर गाज गिरना लगभग तय माना जा रहा है?
