
नर्मदापुरम। स्वर्गीय एल. टी. सुब्बू ट्रॉफी अंडर-22 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ आज एमपीसीए ग्राउंड नर्मदापुरम में हुआ। उद्घाटन मुकाबला नर्मदापुरम और हरदा के बीच खेला जा रहा है। नर्मदापुरम क्रिकेट संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि हरदा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए नर्मदापुरम ने दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट के नुकसान पर 437 रन बना लिए। टीम के स्टार बल्लेबाज माधव शर्मा ने शानदार 184 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं प्रवीण यादव ने 62, देवांश यदुवंशी ने 63, प्रियव्रत पटेल ने 38 और लव दुबे ने 30 रन का योगदान दिया।
हरदा की ओर से अनिमेष ने 4 विकेट, जबकि अक्षत और वंश ने 1-1 विकेट हासिल किया। हरदा की पहली पारी कल सुबह शुरू होगी।
शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीओपी जितेंद्र एस. पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दीं। एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा ने खेल के महत्त्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष राजेश चौरे, सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफदे, सचिव मनोहर बिल्थरिया, शफीक खान और ग्राउंड स्टाफ मौजूद रहे। मैच में अंपायर नितेश राजपूत, फ़ज़ल खान तथा स्कोरर दिनेश वर्मा की भूमिका रही।
