
सीधी। जंगल से गुजर रहे बरतन व्यवसायी के साथ दिन दहाड़े मारपीट कर तीन नकाबपोशों द्वारा ढाई लाख रूपये के लूट का मामला सामने आया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लूट की वारदात आने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं कुसमी एसडीओपी रोशनी ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति की जानकारी लेने के साथ ही पुलिस को आवश्यक कार्यवाही के लिये निर्देशित किया।
मिली जानकारी के अनुसार मड़वास थाना के पुलिस सहायता केन्द्र टिकरी अंतर्गत दरिया मन्ने धून्ने जंगल से आज सुबह बरतन व्यवसायी सातेश्वर प्रसाद गुप्ता पिता धुरउ प्रसाद गुप्ता उम्र 47 वर्ष निवासी टिकरी अपनी बाइक से आज सुबह 8:55 बजे गुजर रहे थे। उसी दौरान दरिया तिराहे में दो व्यक्ति सडक़ में सामने से डंडा अड़ा कर रोक दिये। बाइक के रूकते ही एक व्यक्ति गाड़ी को चलाने लगा और व्यवसायी को बीच में बैठाकर अन्य व्यक्ति पीछे बैठ गया। पीछे बैठे व्यक्ति द्वारा व्यवसायी का मुंह दबा लिया गया था और मेन रोड से दरिया रोड जंगल तरफ ले गया। कुछ आगे एक और व्यक्ति मिला और तीनों व्यवसायी को बाइक से उतारकर धमकी दिये कि बोलना नहीं वरना चाकू से हमलाकर जान से मार देंगे। इसके बाद व्यवसायी के पैंट में रखे 50-50 हजार की तीन गड्ढी तथा बाइक की डिग्गी में रखी 50-50 हजार की दो गड्ढियां तथा पैंट के पीछे जेब से दो हजार रूपये, कुल दो लाख 53 हजार रूपये लूट लिये। घटना के बाद तीनों आरोपी दरिया के जंगल की ओर चले गये तथा बाइक में तेल डलवाने के लिये 200 रूपये फेंक कर चले गये। घटना के बाद पीडि़त व्यवसायी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि 3 अज्ञात व्यक्तियों ने उससे दो लाख 52 हजार रूपये लूट लिये। तीनों व्यक्ति कपड़ा से आधा मुंह बांधे थे। उसमें से एक व्यक्ति काले टी-शर्ट, नीला लोवर, दूसरा व्यक्ति हाफ मटमैला टी-शर्ट, नीला पैट तथा तीसरा व्यक्ति हल्का सफेट शर्ट पैंट पहने था।
इनका कहना है-
व्यवसायी के साथ लूट के मामले में तीन अज्ञात नकाशपोश व्यक्तियों के विरूद्ध मड़वास थाना में अपराध क्रमांक 0/25, धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वारदात में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।
भूपेश वैस, थाना प्रभारी मड़वास
