
इंदौर. शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन जहां लगातार जागरूकता और सख्ती दोनों का सहारा ले रहा है, वहीं कुछ लोग नियमों की खिल्ली उड़ाने से बाज नहीं आ रहे. ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला नेमावर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर सामने आया है, जहां एक युवक ने हेलमेट की जगह सिर पर दूध के कंटेनर का ढक्कन रखकर पेट्रोल भरवा लिया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक न सिर्फ मजाक बना रहा है, बल्कि पेट्रोल पंप पर तैनात महिला कर्मचारी भी बिना किसी आपत्ति के उसे पेट्रोल भर देती है. इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है. प्रशासन का कहना है कि कलेक्टर के आदेश के तहत एक अगस्त से लागू हुए नए नियमों के अनुसार, बिना हेलमेट किसी भी टू-व्हीलर सवार को पेट्रोल नहीं दिया जा सकता. बावजूद इसके पंप कर्मचारी ने इस निर्देश का पालन नहीं किया और युवक की असामान्य हरकत पर भी आंखें मूंद लीं. इस प्रकरण को प्रशासन ने सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही का प्रतीक मानते हुए चेतावनी दी है कि इस तरह की घटनाओं पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी. वीडियो वायरल होते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत जांच कराई और पंप को सील करने की कार्रवाई कर दी.
क्या बोले अधिकारी?
प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “यह सिर्फ नियम उल्लंघन नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था का उपहास है. आगे से ऐसे मामलों में सीधे लाइसेंस निलंबन तक की कार्रवाई की जाएगी.
