नारायणगंज :जनपद नारायणगंज की ग्राम पंचायत मझगांव में जिम्मेदारों की लापरवाही उजागर होने पर सीईओ ने नोटिस जारी किया है। सोमवार 24 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे पंचायत भवन का ताला बंद मिला, जिससे आवश्यक कार्य कराने पहुंचे ग्रामीणों को मायूस लौटना पड़ा।ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच गंजन सिंह भारतीया ग्रामीणों के फोन कॉल तक रिसीव नहीं करते, जबकि सचिव से संपर्क करने पर उनका नंबर बंद मिला।
रोजगार सहायक पवन मरकाम ने सफाई दी कि वे जॉब कार्डधारियों की केवाईसी अपडेट करने ग्राम भ्रमण पर हैं, इसलिए भवन की स्थिति की जानकारी नहीं है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच चुनाव जीतने के बाद उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। नतीजतन लोग योजनाओं का लाभ लेने के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र की कई पंचायतों में भी इसी तरह की लापरवाही देखने को मिल रही है, जहां भोली-भाली जनता को जरूरतमंद योजनाओं के बजाय चक्कर कटवाए जा रहे हैं ।
इनका कहना
आज कोई सरकारी अवकाश नहीं है। पंचायत का इस तरह बंद रहना गलत है। ग्राम पंचायत मझगांव के जिम्मेदार कर्मचारियों को नोटिस जारी किया जाएगा ।
दीप्ति यादव
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणगंज
