इंदौर:जूनी इंदौर क्षेत्र के चंद्रभागा मार्ग पर सड़क और नाला निर्माण कार्य चल रहा है. यह मार्ग पहले से ही संकरा था और यातायात जाम की समस्या बनी रहती थी. मार्ग से सटे 15 फीट गहरे नाले की वर्षों से सफाई और रखरखाव न होने से बरसात में जलभराव की स्थिति बनती थी. बारिश का पानी तीन फीट तक सड़क पर भर जाता था, जिससे आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता था. इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए मार्ग का चौड़ीकरण और नाले को कवर करने का कार्य शुरू किया गया.
लेकिन निर्माण योजना में खामियों के चलते दिक्कतें और बढ़ गई हैं. पूरा मार्ग एक साथ बंद कर दिया गया है, जिससे दोनों ओर के व्यापारियों का कारोबार ठप हो गया है. कई दुकानदार मजबूर होकर अपना व्यवसाय बंद कर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं. खासकर मिट्टी के बर्तन और मूर्तियां बनाने वालों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है. आसपास के रहवासी भी आवाजाही की दिक्कतों से जूझ रहे हैं. अब देखना यह होगा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वाकई लोगों को राहत मिलेगी या फिर समस्याएं बरकरार रहेंगी. इसका जवाब अगली बरसात पर ही मिलेगा.
इनका कहना है
पहले नल को ओपन किया फिर सभी व्यापारियों ने अपनी दुकानों के आगे पटिया लगाए. अब पूरी तरह से तोड़ दिया. साल भर से व्यापार पूरी तरह से ठप्प पड़ा है.
– शायर बाई
रास्ता बंद पड़ा है. बाहर के व्यापारी भी नहीं आ रहे हैं. गणेश चतुर्थी सीजन खराब रहा. अब दिवाली पर क्या होगा पता नहीं. लोग मटके लेने तक नहीं आ रहे.
– मनीष आर्या
कार्य पूरा होने पर सभी को सुविधा हो जाएगी लेकिन नगर निगम को वन साइड वे करके कार्य करना था. इससे व्यापारियों और राहगीरों को असुविधा नहीं उठानी पड़ती.
– याकूब अली
