बच्ची को टक्कर लगने पर भीड़ ने पुलिसकर्मियों को पीटा

भोपाल: हबीबगंज के 11 नंबर इलाके में शनिवार शाम बदमाश का पीछा कर रहे कमलानगर थाने के गुंडा स्क्वाड के पुलिसकर्मियों की बाइक से आठ वर्षीय बच्ची टकराकर घायल हो गई. पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में थे, इसलिए मौके पर मौजूद लोग उन्हें पहचान नहीं सके. हादसे के बाद भीड़ ने उन्हें आम व्यक्ति समझकर घेर लिया और उनके साथ झूमाझटकी व मारपीट कर दी.
जानकारी के मुताबिक कमलानगर थाने में संपत्ति हड़पने के मामले में फरार बदमाश का पीछा करने के लिए पुलिसकर्मी दीपक कटियार और बलराम शनिवार शाम करीब छह बजे 11 नंबर क्षेत्र पहुंचे थे. दोनों बाइक से आरोपी का पीछा कर रहे थे. इसी दौरान अचानक एक आठ वर्षीय बच्ची बाइक के सामने आ गई और टक्कर लगने से घायल हो गई. बच्ची के सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा.
हादसे के बाद बदमाश मौके से फरार हो गया. बच्ची को डायल-112 की मदद से हजेला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया.इधर, सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों को देखकर लोगों ने उन्हें पहचान नहीं पाया और घेरकर हाथापाई शुरू कर दी. बाद में पुलिसकर्मियों ने अपने पहचान पत्र दिखाकर अपनी पहचान बताई. इस दौरान किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई.
हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि बच्ची को मामूली चोट आई है. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है.

Next Post

चित्रकूट में बाढ़ का कहर, मंदाकिनी की तेज धार में बहा 300 मीटर लंबा पुल

Sun Aug 30 , 2026
सतना: चित्रकूट में भारी बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। तेज बहाव के चलते रामघाट का करीब 300 मीटर लंबा पुल नदी की धारा में बह गया। जलस्तर कम होने के बाद पुल की तबाही का मंजर साफ दिखाई दिया। कभी आवाजाही का प्रमुख जरिया […]

You May Like