नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) वियतनाम एयरलाइंस और सिंगापुर एयरलाइंस ने एक नया कोडशेयर समझौता किया है जिससे यात्रियों को दोनों के मार्गों पर यात्रा के और अधिक विकल्प मिलेंगे।
इस समझौते के तहत सिंगापुर एयरलाइंस सिंगापुर और वियतनामी शहरों हनोई और हो ची मिन्ह सिटी के बीच वियतनाम एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ानों पर कोडशेयर करेगी, जबकि वियतनाम एयरलाइंस सिंगापुर और डा नांग, हनोई और हो ची मिन्ह सिटी के बीच सिंगापुर एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ानों पर कोडशेयर करेगी।
इस समझौते को नियामकीय मंजूरियां मिलनी शेष हैं। कोडशेयर 26 अक्टूबर से प्रभावी होगा और 10 अक्टूबर से दोनों एयरलाइनों के बिक्री चैनलों और ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से बिक्री के लिए टिकट उपलब्ध होंगी।
दोनों एयरलाइंस भविष्य में अपने नेटवर्क में अन्य गंतव्यों को कोडशेयर समझौते में जोड़ने के साथ-साथ वाणिज्यिक सहयोग को और गहरा करने पर भी विचार करेंगी जिससे ग्राहकों को अधिक विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
वियतनाम एयरलाइंस के कॉर्पोरेट योजना एवं विकास निदेशक गुयेन क्वांग ट्रुंग ने कहा,”यह कोडशेयर समझौता वियतनाम एयरलाइंस और सिंगापुर एयरलाइंस – जो दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित 5-स्टार एयरलाइनों में से एक है – के बीच चल रही रणनीतिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह सहयोग दोनों एयरलाइंस के व्यापक रूट नेटवर्क और प्रीमियम सेवाओं का लाभ उठाता है, जिससे वियतनाम और सिंगापुर के बीच कनेक्टिविटी बढ़ती है और यात्रियों को अधिक लचीलापन तथा एक सहज यात्रा अनुभव मिलता है।”
सिंगापुर एयरलाइंस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (विपणन नियोजन) दाई हाओयू ने कहा, “वियतनाम एयरलाइंस के साथ हमारी कोडशेयर साझेदारी सिंगापुर और वियतनाम के बीच संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपने-अपने नेटवर्क का लाभ उठाकर हम ग्राहकों को दोनों देशों के बीच अपनी सेवाओं में अधिक विकल्प, अधिक लचीलापन और निर्बाध स्थानांतरण प्रदान कर सकते हैं।”
