42वां सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट नई एलईडी फ्लड लाइट्स के साथ होगा: नितिन कोहली

जालंधर, (वार्ता) सुरजीत हॉकी सोसाइटी, जालंधर के महासचिव सुरिंदर सिंह भापा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी इकबाल सिंह संधू ने सोमवार को स्थानीय सुरजीत हॉकी स्टेडियम में हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली के साथ बैठक की।

बैठक के दौरान अगले महीने होने वाले 42वें सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी। यह टूर्नामेंट इस वर्ष 23 अक्टूबर से एक नवंबर, 2025 तक स्थानीय सुरजीत हॉकी स्टेडियम, बुलर्टन पार्क, जालंधर में आयोजित किया जा रहा है।

श्री कोहली ने कहा कि पंजाब सरकार ने सुरजीत हॉकी स्टेडियम में पुरानी और क्षतिग्रस्त फ्लड लाइट्स को एलईडी लाइट से बदलने की सुरजीत हॉकी सोसाइटी की लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने सुरजीत हॉकी सोसाइटी को आश्वासन दिया कि ये एलईडी फ्लड लाइट्स 42वें सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट से पहले 10 अक्टूबर, 2025 तक लगा दी जायेंगी।

श्री कोहली ने सुरजीत हॉकी सोसाइटी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान ओलंपियन सुरजीत सिंह की विरासत को कायम रखने के लिए बेहतरीन काम कर रहे हैं। उन्होंने सोसाइटी की सुरजीत हॉकी अकादमी की भी प्रशंसा की, जहां 125 से ज़्यादा नवोदित खिलाड़ी अनुभवी प्रशिक्षकों से हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार टूर्नामेंट के सुचारू संचालन के लिए हर संभव मदद करेगी। इस अवसर पर भारतीय हॉकी टीम के चयनकर्ता ओलंपियन बलविंदर सिंह शम्मी और राउंड ग्लास के तकनीकी प्रमुख अशफाक उल्लाह खान भी उपस्थित थे।

 

 

Next Post

प्रयागराज में 16 नवंबर को होगा संगम प्रीमियर लीग का आगाज

Tue Sep 23 , 2025
प्रयागराज, (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर 16 नवंबर को प्रयागराज में शुरु होने वाली संगम प्रीमियर लीग (एसपीएल) में छह फ्रेंचाइजी टीमें आपस में भिड़ेंगी। इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन और स्पोर्ट्स एंड कल्चरल सोसाइटी ने सोमवार को पहली बार होने वाली इस लीग के आयोजन की घोषणा की। […]

You May Like