
भोपाल। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सोमवार को राजधानी भोपाल के भवानी चौक स्थित प्रसिद्ध कर्फ्यू वाली माता मंदिर पहुंचकर माता रानी का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से देवी की आराधना की और प्रदेश की जनता के लिए सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर लिखा शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर कर्फ्यू वाली माता के मंदिर में दर्शन-पूजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मां भवानी की कृपा से हर घर-आँगन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आये, यही मेरी मंगलकामना है।
नवरात्रि के अवसर पर राजधानी समेत पूरे प्रदेश में भक्तिमय माहौल है। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और देवी दरबारों को भव्य रूप से सजाया गया है।
