जयशंकर न्यूयार्क में , रूबियो के साथ होगी मुलाकात

नयी दिल्ली 22 सितम्बर (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में भाग लेने के लिए न्यूयार्क गये विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी टैरिफ के मुद्दे पर चली तनानती के बाद दोनों देशों के बीच एक महत्वाकांक्षी व्यापार समझौते को लेकर हो रही सकारात्मक बातचीत के बीच दोनों विदेश मंत्रियों की यह पहली मुलाकात होगी।
पिछले महीने ट्रम्प प्रशासन द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद न्यूयॉर्क में होने वाली यह बैठक दोनों के बीच आमने-सामने की पहली मुलाकात होगी, जिसमें भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का मुद्दा भी शामिल होने की संभावना है । दोनों मंत्रियों की पिछली मुलाकात जुलाई में वाशिंगटन में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई थी।
दोनों विदेश मंत्रियों की यह बातचीत ऐसे समय पर हो रही है जब केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका में एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। पिछले सप्ताह दोनों देशों के अधिकारियों की मुलाकात के बाद से समझौता वार्ता में सकारात्मक गति देखी गई है।
रविवार को न्यूयॉर्क पहुँचे विदेश मंत्री जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच यह बैठक ट्रंप प्रशासन के नए आवेदकों के लिए एच-1बी वीज़ा शुल्क बढ़ाकर 1,00,000 डॉलर करने के निर्णय के बाद हो रही है। दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर भी चर्चा होने की संभावना है।
दोनों विदेश मंत्रियों की यह बैठक अक्टूबर में मलेशिया में आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच संभावित द्विपक्षीय बैठक से पहले हो रही है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में महत्वपूर्ण दक्षिण पूर्व एशियाई क्षेत्रीय ब्लॉक को दरकिनार कर दिया था लेकिन इस बारत उन्होंने पुष्टि की है कि वह कुआलालंपुर में आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलनों में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी इन महत्वपूर्ण बैठकों और भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे, जो भारत की एक्ट ईस्ट नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
विदेश मंत्री जयशंकर 27 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस में भारत का राष्ट्रीय वक्तव्य भी देंगे।

Next Post

कर्मचारी ने ही रची 23.37 लाख की चोरी की साजिश, दिल्ली पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश

Mon Sep 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के उत्तरी जिला में लाहौरी गेट थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुये एक दुकानदार के कर्मचारी द्वारा 23.37 लाख रुपये की नकदी गायब करने के मामले को 24 घंटे के अंदर सुलझा कर आरोपी कर्मचारी आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। […]

You May Like