
रीवा। नगर निगम द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता और नशा मुक्ति की जागरूकता को लेकर लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है एवं ‘‘स्वच्छता ही सेवा अभियान‘‘को लेकर स्वच्छता संवाद आयोजित किये जा रहे हैं.
इस क्रम में निगम आयुक्त डॉ0 सौरभ सोनवणे के निर्देश पर वार्ड क्रमांक 09 सुंदर नगर एवं वार्ड क्रमांक 22 शास्त्री नगर शिव मंदिर के पास रहवासी क्षेत्र में जाकर स्वच्छता संवाद बैठक का आयोजन किया गया. इस दौरान उपस्थित सभी नागरिकों को स्वच्छता एवं नशामुक्ति के विषय में जानकारी दी गई. इसके साथ ही घरों से निकलने वाले कचरे को अलग अलग डस्टबिन में रखने एवं डोर टू डोर कचरा वाहन में देने के लिए प्रेरित किया गया तथा सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के विषय में जानकारी दी गई साथ ही गीले कचरे से घर पर ही होम कम्पोस्टिंग द्वारा खाद बनाये जाने की जानकारी दी गई. सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम एवं अपने आसपास के परिसर में साफ सफाई बनाए रखने की अपील की गई. इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 38 सिंधी कालोनी में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता रंगोली का आयोजन किया गया. रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से कॉलोनी मे रहने वाले नागरिकों को स्वच्छता को अपनाने का संदेश दिया गया.
