मनीला, 22 सितंबर (वार्ता) नेपाल के बाद अब फिलीपींस के हजारों युवाओं ने बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं से जुड़े घोटाले को लेकर राजधानी मनीला में रविवार को सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया
जिसमें 95 पुलिसकर्मी घायल हुये हैं। इस दौरान 216 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को विरोध प्रदर्शन काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा, लेकिन जल्द हिंसा भड़क उठी और प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ अयाला ब्रिज, मेंडिओला और क्लारो एम. रेक्टो एवेन्यू सहित प्रमुख क्षेत्रों में झड़पें हो गयीं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें की।
फिलीपीनी न्यूज चैनल एबीएस-सीबीएन (एएनसी) के अनुसार गृह विभाग ने सोमवार को बताया कि 21 सितंबर को मनीला में आयोजित भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हिंसक झड़पों में 95 पुलिस कर्मी घायल हो गये और 216 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने एएनसी को बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों में 127 युवा और 89 नाबालिग शामिल हैं। मनीला शहर के मेयर इस्को मोरेना ने बताया कि इनमें एक 12 साल का किशोर भी है।
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पत्थरों, बोतलों और अत्याधुनिक हथियारों से पुलिस पर हमला किया जिसमें 95 जवान घायल हो गये।
राजधानी क्षेत्र पुलिस कार्यालय (एनसीआरपीओ) के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल एंथनी एबेरिन ने बताया कि हिरासत में लिये गए लोगों के साथ पूछताछ पर पता चला है कि कई युवा कथित तौर पर अन्य देशों की घटनाओं से प्रेरित थे और एक लोकप्रिय रैपर से भी प्रभावित थे।

