
बालाघाट।लालबर्रा थाना क्षेत्र में वारासिवनी मार्ग पर स्थित चिंदरई देवी मंदिर के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक रिश्तेदार थे और एक दुखद पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इस घटना के बाद उनके गांव पाथरी और खमरिया में शोक का माहौल है।
हादसे में पाथरी निवासी शोभित राउत (पिता भगत राउत) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार रिश्तेदार निर्देश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने निर्देश का शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पाथरी गांव के सरपंच प्रतिनिधि सुमेन्द्र पटले ने बताया कि शोभित की नानी का निधन खमरिया में हुआ था, और वह उसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वहां गया था। अंत्येष्टि से पहले वह अपनी मां को वापस लाने के लिए खमरिया निवासी निर्देश के साथ मोटरसाइकिल से अपने गांव पाथरी लौट रहा था। तभी, वारासिवनी की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन (क्रमांक एमएच 49 बीजेड 1838) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे। उनके सिर और पैरों पर गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का कारण बनीं।
लालबर्रा थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शोभित का शव लालबर्रा अस्पताल भेजा गया, जबकि घायल निर्देश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
