इंदौर: शहर के कबीटखेड़ी में नमामि गंगे अभियान के तहत 120 एमएलडी के एसटीपी प्लांट बनाया जा रहा है. उक्त निर्माणाधीन प्लांट का आयुक्त ने निरीक्षण किया. साथ ही एसटीपी प्लांट के निर्माण और उससे बनाने वाली बायोगैस और विक्रय का प्रेजेंटेशन देखा.रोज की तरह आज भी नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव शहर में नगर निगम के कार्यों का निरीक्षण करने पहुंच गए.
आज सुबह निगम आयुक्त यादव ने नमामि गंगे अभियान के तहत कबीटखेड़ी में बन रहे 120 एमएलडी एसटीपी प्लांट का निरीक्षण किया गया. इस दौरान कबीट खेड़ी स्थित कॉन्फ्रेंस हाल में एसटीपी निर्माण कार्यों से संबंधित प्रेजेंटेशन देखा गया. आयुक्त ने प्रेजेंटेशन देखने के दौरान निर्माणकर्ता एजेंसी से प्रोग्रेस रिपोर्ट के संबंध में जानकारी ली. साथ ही तीन माह का काम पांच माह में भी पूर्ण न होने पर कंसल्टेंट एजेंसी से जवाब मांगा.
एजेंसी को शेष बची समय सीमा में कार्य पूरा करने की प्लानिंग तैयार करने के निर्देश दिए. आयुक्त यादव ने अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को कहा कि निर्माणकर्ता एजेंसी द्वारा अन्य जगहों पर एसटीपी प्लांट बनाए गए हैं. उन प्लांटो पर निगम इंजीनियरों को भेज कर काम का पता करें और समझे कि इन्होंने किस प्रकार से काम किया है? काम में कोई कमी या त्रुटि तो नहीं थी.
निगम के संबंधित अधिकारी ने बताया कि कबीटखेड़ी प्लांट से सीवरेज वाटर का ट्रीटमेंट के साथ ही बायोगैस निर्माण एवं विक्रय भी किया जाएगा. ध्यान रहे कि नमामि गंगे अभियान में नगर निगम द्वारा 416 करोड़ रुपए की लागत से शहर में तीन स्थानों एसटीपी संयंत्र बनाए जा रहे है. इनमें 35 एमएलडी किला मैदान के पास (मंडी सचिव कार्यालय के पास), 120 एमएलडी कबीट खेड़ी एवं 40 एमएलडी कनाडिया में बनाए जा रहे है.
कार्य में गति नहीं तो लगेगी पेनल्टी
आयुक्त द्वारा कॉन्ट्रैक्टर फर्म मेसर्स निरकेयर इंडिया लिमिटेड एवं कंसल्टेंट को चेतावनी दी गई कि यदि कार्य में गति नहीं आती है, तो भारी पेनल्टी के लिए तैयार रहें. इसके बाद आयुक्त ने कबीटखेड़ी स्थित 245 एम एल डी प्लांट का निरीक्षण किया. प्लांट एवं पानी ट्रीटमेंट की जानकारी ली. ट्रीटेड पानी का उपयोग कृषि कार्य में भी किया जा सके, इसकी योजना बनाने के निर्देश दिए.निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, कार्यपालन यंत्री विवेश जैन, प्रोजेक्ट इंचार्ज नदीम खान, आकाश जैन, निर्माणकर्ता एजेंसी के प्रतिनिधि, कंसलटेंट एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
