इंदौर:शहर में मानसिक प्रताड़ना का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को सिर्फ 5 घंटे के भीतर 100 से अधिक फोन कॉल कर परेशान किया. लगातार कॉल्स के कारण पीड़ित न तो सो सका और न ही मानसिक रूप से शांत रह सका. पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
शिकायतकर्ता राकेश गुप्ता, निवासी हरेकृष्ण विहार, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके परिचित गौरव जैन, निवासी हरिदर्शन अपार्टमेंट, ने उसे जानबूझकर मानसिक रूप से परेशान करने के उद्देश्य से लगातार फोन किए. यह कॉल्स रात ढाई बजे से सुबह 7 बजे के बीच किए गए, जिनकी संख्या 100 के करीब बताई गई है पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह उस रात सो रहा था, लेकिन गौरव द्वारा लगातार किए गए वीडियो कॉल, ऑडियो कॉल और सामान्य कॉल्स की वजह से उसकी नींद पूरी तरह से बाधित हो गई.
कॉल्स की बाढ़ से उसका मोबाइल एक मिनट के लिए भी शांत नहीं हुआ, जिससे वह पूरी रात सो नहीं सका और मानसिक रूप से भी अस्थिर हो गया. बताया गया है कि दोनों के बीच पहले से कोई निजी विवाद चल रहा है, जिसके चलते गौरव ने उसे इस तरह परेशान किया. मामले में थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गौरव जैन के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना कि धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
