वाशिंगटन, 20 सितंबर (वार्ता) अमेरिकी सीनेट ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज़ को संयुक्त राष्ट्र (संरा) में अमेरिकी राजदूत के रूप में नियुक्त करने के लिए मतदान किया, जिससे इस पद के लिए आठ महीने से रिक्त पद भर गया।
43 के मुकाबले 47 के मतों से वाल्ट्ज़ के अगले सप्ताह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने का रास्ता साफ हो गया है, जहाँ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प मंगलवार को वार्षिक सभा को संबोधित करने वाले हैं।
एनबीसी न्यूज़ की एक रिपोर्ट के अनुसार इस गर्मी की शुरुआत में सीनेट में अपनी पुष्टिकरण सुनवाई के दौरान, वाल्ट्ज़ ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार की आवश्यकता पर ज़ोर दिया था, जिसमें अमेरिकी फंडिंग की समीक्षा और संस्था में यहूदी-विरोधी भावना को जड़ से खत्म करने के उपाय शामिल थे।
वाल्ट्ज़ जनवरी से ट्रम्प के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में कार्यरत थे, लेकिन मार्च में यमन में आगामी हमले पर चर्चा कर रहे वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक निजी सिग्नल चैट में गलती से एक पत्रकार को जोड़ने के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया था।
ट्रम्प ने 27 मार्च को संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत पद के लिए रिपब्लिकन एलिस स्टेफनिक का नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद मई में ट्रम्प ने वाल्ट्ज़ को इस पद के लिए नामित किया।
संयुक्त राष्ट्र में पूर्व अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड ने 20 जनवरी को ट्रम्प के अमेरिकी राष्ट्रपति पद ग्रहण करने पर अपना पद छोड़ दिया।
