जबलपुर: नगरीय विकास एवं आवास तथा जबलपुर संभाग के प्रभारी एसीएस संजय दुबे ने जबलपुर संभाग के विकास कार्यों की समीक्षा की। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्यों को लेकर उठाये गये मुद्दों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।एसीएस श्री दुबे ने पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों के जिलेवार पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की, जिस पर संबंधित जिला के कलेक्टर द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही संबंधित जिला के विधायकों द्वारा भी जनहित के मुद्दों को लेकर चर्चा की और उनके शीघ्र निराकरण सुनिश्चित कराने के लिए कहा। बैठक में ज्यादातर विधायकों ने सड़क सुधार, जर्जर शाला भवनों के सुधार, प्रधानमंत्री आवास व पट्टा प्रदाय करने, धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान, जनमन, धान उपार्जन की राशि दिलाने, खाद का वितरण सुनिश्चित करने, जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन व जल आपूर्ति, उद्योग और निवेश प्रोत्साहन व औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार, भूमि आबंटन, नहरों के सुधार, ब्लैक स्पॉटों के सुधार, विद्युत की समुचित आपूर्ति, अवैध कॉलोनियों पर नियंत्रण, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, मादक पदार्थों के नियंत्रण व कचरा प्रबंधन आदि विषयों के साथ अपने-अपने क्षेत्र में विकास के लिए आवश्यक मुद्दों पर चर्चा कर इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने को कहा।
इस दौरान जबलपुर सांसद आशीष दुबे व बालाघाट सांसद भारती पारधी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित सभी जिलों के विधायक, संभागायुक्त धनंजय सिंह, आईजी बालाघाट, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह व संभाग के सभी जिला कलेक्टर, एसपी संपत उपाध्याय, डीएफओ, सीईओ जिला पंचायत सहित संभागीय अधिकारी मौजूद थे।
जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाये मुद्दों को सुना
जबलपुर जिला के जनप्रतिनिधियों के साथ नगरीय विकास एवं आवास तथा जबलपुर संभाग के प्रभारी एसीएस संजय दुबे ने स्मार्ट सिटी में बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाये गये मुद्दों को सुना और उसके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
