रायपुर,19 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान एवं जीएसटी रिफॉर्म्स कार्यशाला का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी में किए गए सुधार देश के डेढ़ सौ करोड़ लोगों के जीवन में खुशियों की सौगात लेकर आए हैं। टैक्स स्लैब सरलीकरण और दरों में कमी से आमजन की बचत बढ़ेगी और उद्योग-व्यापार को गति मिलेगी। सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्योगों को सबसे अधिक लाभ होगा।
सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि जीएसटी कर-सुधार ऐतिहासिक कदम है। चार टैक्स स्लैब घटाकर अब केवल दो (5 और 18 प्रतिशत) स्लैब रखे गए हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन का अभियान बनाकर विकसित भारत का सपना साकार होगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने कहा कि आत्मनिर्भर देश वही होता है, जहाँ नागरिक स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देते हैं। मोदी सरकार ने देश में निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा दिया है। भारत आज योग और आयुर्वेद के नाम से पूरी दुनिया में सम्मान पा रहा है।
प्रदेश संयोजक एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत कोविड महामारी के समय हुई थी। भारत ने मात्र नौ महीने में दो वैक्सीन और बूस्टर डोज बनाकर दुनिया को चौंका दिया। यदि 140 करोड़ जनता स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करे तो भारत को आत्मनिर्भर बनने से कोई नहीं रोक सकता।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जीएसटी रिफॉर्म्स अभियान के संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि यह सुधार केंद्र सरकार का स्वर्णिम निर्णय है, जिससे नागरिकों का जीवन सरल होगा और समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा। यह कदम राष्ट्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
कार्यक्रम का संचालन अखिलेश सोनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन हरपाल सिंह भामरा ने किया।
