जबलपुर: क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठग ने एक युवक की गाढ़ी कमाई पर साफ हाथ कर दिया। शातिर ठग ने खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी बताकर डीजे संचालक के खाते से दो बार में कुल 1,83,343 उड़ा लिए।खमरिया पुलिस के अनुसार, ग्राम घाना के रहने वाले शैलेंद्र श्रीवात्री (32) खमरिया में डीजे साउंड का व्यवसाय करते हैं। उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई बैंक का कर्मचारी बताया। उसने शैलेंद्र से कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाई जा रही है, जिसके लिए एक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
लिंक भेजकर पूछा ओटीपी, खाते से उड़े पैसे
ठग ने पीड़ित के मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा और उस पर क्लिक कर दिए गए निर्देशों का पालन करने को कहा। इसके तुरंत बाद आरोपी ने शैलेंद्र से मोबाइल पर आया ओटीपी मांग लिया। झांसे में आकर पीड़ित ने जैसे ही ओटीपी बताया, कुछ ही देर में उनके खमरिया स्थित एसबीआई बैंक खाते से दो बार में कुल 1,83,343 कट गए।
