शिवपुरी: मप्र सहकारिता कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सहकारिता कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन एक हफ्ते से जारी है। कर्मचारी अपने हक के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं और प्रशासन से लंबित मांगों को शीघ्र पूर्ण करने की मांग कर रहे हैं। मप्र सहकारिता कर्मचारी महासंघ जिला इकाई शिवपुरी के जिलाध्यक्ष भानु यादव और कार्यवाहक अध्यक्ष विनोद तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों को अपने कार्यभार के अनुसार मानदेय और अधिकार नहीं मिल रहे हैं, जो न्यायोचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मजबूरी में भोपाल तक धरना, प्रदर्शन और हड़ताल करना पड़ सकता है। प्रदेश प्रतिनिधि महेन्द्र सिंह कुशवाह ने सभी पैक्स कर्मचारियों से एकजुट होकर अपने अधिकार प्राप्त करने का आह्वान किया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पैक्स में पदस्थ 60 प्रतिशत कर्मचारियों का जिला बैंक में चयन, पीडीएस अंतर्गत कमीशन, मानदेय और वेतन वृद्धि का समायोजन, तथा सभी कर्मचारियों को प्रतिमाह शासन के आदेशानुसार लाभ सुनिश्चित करना शामिल है। मप्र सहकारिता कर्मचारी महासंघ ने 24 सितम्बर तक अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल का आह्वान किया है।
