जबलपुर: मझौली तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत टिकुरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सरपंच द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का मामला सामने आया है। जिसको लेकर समस्त ग्रामवासियों ने कलेक्टर से शिकायत की है। ग्राम पंचायत टिकुरी के ग्रामवासियों ने शिकायत कर बताया कि 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करते समय ग्राम पंचायत टिकुरी तहसील मझौली जिला जबलपुर के सरपंच श्रीमती सीतादेवी चौकसे ने ध्वज का अपमान किया है, जोकि अक्षम्य अपराध है।
उन्होंने बताया कि समारोह में पंचायत के सचिव संतोष जैन, सहायक सचिव, उपसरपंच एवं सरपंच जी के पति कौशल चौकसे जोकि वर्तमान में उसी पंचायत ग्राम सिलहटी में शिक्षक के रूप में पदस्थ है, भी मौजूद रहे, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने सवाल नहीं उठाया, जिसके लिए उपरोक्त कर्मचारी भी उतने ही जिम्मेदार है, जितने कि सरपंच। जानकारी के अनुसार ग्रामवासियों ने 9 सितम्बर 2025 को भी जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन सप्ताह बीत जाने के बाद भी ध्वज अपमान के लिए कोई कार्यवाही नहीं होने से उन्होंने 16 सितंबर मंगलवार को फिर से जनसुनवाई में शिकायत की है। ग्रामवासियों ने मांग की है कि राष्ट्रीय ध्वज के अपमान को लेकर उचित कार्यवाही कि जाये।
बिल में हुई है धांधली
शिकायत में बताया कि सरपंच द्वारा समारोह के खर्चे के लिए 27750 रूपए व्यय हुआ था, जिसमें 21000 रूपए टेंट, लाईट और स्पीकर का खर्च बताया है और 6750 रुपए प्रसाद और मिठाई का बिल दर्शाया है। जबकि ग्रामवासियों का कहना है समारोह के लिए ग्रामवासिओं को सूचना नहीं दी गई एवं समारोह में किसी प्रकार का टेंट या बैठक व्यवस्था नहीं थी, सिर्फ खर्चा बताकर रकम निकल ली गई है।
