सीहोर: जिला अस्पताल की महिला चिकित्सक द्वारा पूर्व सरपंच दीपेश राठौर के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर को लेकर मामला तूल पकड़ गया है. बुधवार को बड़ी संख्या में सर्व समाजजन कोतवाली चौराहे पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर एसपी कार्यालय पहुंचे. यहां एडिशनल एसपी सुनीता रावत को ज्ञापन सौंपते हुए एफआईआर निरस्त करने की मांग उठाई गई.
गौरतलब है कि रविवार की रात पतलोना निवासी गर्भवती महिला को इलाज न मिलने पर परिजन पूर्व सरपंच राठौर को बुलाकर लाए थे. राठौर का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक ने इलाज के लिए तीन हजार रुपए मांगे और पैसे न देने पर मरीज को भोपाल रेफर करने की बात कही. इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ और चिकित्सक ने राठौर पर एफआईआर दर्ज कराई.
प्रदर्शन में राठौर समाज के अध्यक्ष रामचंद्र राठौर, डॉ. पूरण सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए. पीड़िता के परिजनों ने भी चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की. एएसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
