पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को व्यापक पैकेज देने को लेकर राहुल ने लिखा मोदी को पत्र

नयी दिल्ली, 17 सितम्बर (वार्ता) हाल में पंजाब के बाढ़ पीड़ित इलाकों का दौरा करके लौटे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए व्यापक राहत पैकेज देने की मांग की है।
श्री गांधी ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में पंजाब में बाढ के कारण मची तबाही का विस्तार से विवरण देते हुए कहा है कि वहां की स्थिति बहुत नाजुक बन गयी है और केंद्र सरकार को वहां के लोगों को राहत देने के लिए व्यापक राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।
पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए हाल में केंद्र सरकार की तरफ से घोषित 1,600 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राहत को पंजाब के लोगों के साथ नाइंसाफी करार देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। उनका कहना था कि इस भयावह त्रासदी को देखते हुए संकट से जूझ रहे लोगों के लिए व्यापक राहत पैकेज देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा “आकलन के अनुसार राज्य को कम से कम 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस संकट से निपटने के लिए और भी ज़्यादा ठोस कदम उठाने की ज़रूरत है। मैं केंद्र सरकार से बाढ़ से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन करवाकर एक व्यापक राहत पैकेज पंजाब को देने की मांग करता हूं।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाब की विनाशकारी बाढ़ में चार लाख एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई और 10 लाख से ज्यादा पशु मर चुके हैं। लाखों लोग बेघर हुए हुए हैं और बड़े पैमाने पर जमीन निकट भविष्य के लिए अनुपजाऊ हो गई है।
उन्होंने बाढ के बीच पीड़ितों के परस्पर सहयोग का जिक्र करते हुए लिखा “इस त्रासदी के बावजूद, मैंने वहां इंसानियत की शानदार मिसाल तब देखी जब लोगों ने अनजान पीड़ितों के लिए अपने घर के द्वार खोल दिए और उनके पास जो कुछ बचा है उसे सबमें बाँट लिया। निजी संभावित संकट की परवाह किये बिना लोगों का यह उदार भाव और मदद करने का संकल्प सचमुच सराहनीय है।”

Next Post

पुतिन , मेलोनी और डेर लेयन ने दी मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

Wed Sep 17 , 2025
नयी दिल्ली 17 सितम्बर (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं जिस पर श्री मोदी ने उन्हें धन्यवाद दिया है और कहा कि भारत दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इटली की […]

You May Like