
इटारसी। तवा बांध का जलस्तर अपने अधिकतम स्तर को पार कर जाने के बाद प्रबंधन ने मंगलवार रात 8 बजे तीन गेट खोल दिए। तवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार, बांध का जलस्तर पूर्ण जलाशय स्तर 1166 फीट (355.40 मीटर) से बढ़कर 1166.16 फीट (355.45 मीटर) तक पहुँच गया, जो 100.56% भराव दर्शाता है।
लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए जलस्तर नियंत्रित करने हेतु गेटों को 5–5 फीट तक खोला गया है। इससे 26,034 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है, वहीं पावर हाउस से भी 3,673 क्यूसेक पानी बहाया जा रहा है। इस प्रकार तवा नदी में कुल 29,697 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
प्रशासन ने तवा व नर्मदा नदी के किनारे बसे गांवों को अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने और नदी किनारे न जाने की अपील की है। जलस्तर बढ़ने से तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
