सतना :भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में सोमवार को किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली निकाली गई. सैकड़ा भर से अधिक ट्रैक्टरों पर सवार किसान शहर के विभिन्न स्थानों से होते हुए जिला कलेक्टोरेट पहुंचे. कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन को एसडीएम को सौंपते हुए किसानों की 11 सूत्रीय मांगों के निराकरण की अपील की गई.
भरतीय किसान संघ द्वारा सोमवार को मैत्री पार्क के निकट एक किसान रैली आयोजित की गई.
जिसमें भारतीय किसान संघ के प्रांत संगठन मंत्री तुकाराम, संभागीय मंत्री जयप्रकाश सिंह और जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस सभा में खासी संख्या में किसान सम्मिलित हुए. इस दौरान भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए अपनी मांगों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया. जिसके बाद सभा में पहुंचे सभी किसान सैकड़ा भर से अधिक ट्रैक्टरों पर सवार होकर रैली के लिए निकल पड़े.
मैत्री पार्क से शुरु होकर यह किसान रैली सेमरिया चौराहा और सर्किट हाउस होते हुए जिला कलेक्टोरेट पहुंची. जहां पर किसानों के समर्थन में आवाज उठाते हुए कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया. एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिय़ा को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों के संबंध में संक्षेप में बताया और निराकरण की मांग की.
भारतीय किसान संघ के आह्वान पर किसानों की सभा, ट्रैक्टर रैली और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह खासे सक्रिय नजर आए. एसपी ने किसानों के आयोजन स्थल का निरीक्षण पहले से ही करते हुए मातहत अमले को आवश्यक दिशा निर्देश दे रखे थे. इसी कड़ी में सभा से लेकर रैली निकलने और ज्ञापन सौंपने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डीएसपी स्तर के 2 पुलिस अधिकारी और लगभग 70 पुलिसकर्मी तैनात रहे.
