इंदौर:बड़गोंदा पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन, नगदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत लोहे की रॉड, डंडा व कड़ा बरामद किया है.ग्राम मेड के पास 19 वर्षीय फरियादी दीपक निवासी उज्जैन हाल बडी जाम के साथ तीन अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर गले से चांदी की चेन और बैग छीन लिया था.
बैग में कपड़े और 10 हजार रुपए नकद थे. वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे. इस पर पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण यांगचेन डोलकर भुटिया, एएसपी रुपेश द्विवेदी और एसडीओपी महू ललित सिंह सिकरवार के निर्देशन में थाना बदगोंदा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में गोलू 24 पिता छगन मेहढा निवासी रासनियामाल, विकास 19 पिता तोमर सिंह गिनावा निवासी रासनियामाल और घनश्याम 28 पिता मानसिंह डावर निवासी नाहरखोदरा शामिल हैं. पुलिस ने उनके कब्जे से 1500 रुपए नगद, चांदी की चेन, मोटरसाइकिल, लौहे की रॉड, डंडा और कड़ा जब्त किया है. पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों से और वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है.
