घरेलू शेयर बाजारों में मुनाफा वसूली, प्रमुख सूचकांक टूटे

मुंबई, 15 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को दिग्गज और बड़ी कंपनियों में बिकवाली से प्रमुख सूचकांक गिरावट में बंद हुये जबकि मझौली और छोटी कंपनियों में तेजी रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 118.96 अंक (0.15 प्रतिशत) टूटकर 81,785.74 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 44.80 अंक यानी 0.18 फीसदी नीचे 25,069.20 अंक पर आ गया।
आईटी, फार्मा, ऑटो और स्वास्थ्य सेक्टरों पर दबाव रहा। रियलिटी, सार्वजनिक बैंकों और तेल एवं गैस सेक्टरों में निवेशकों ने पैसा लगाया।
सेंसेक्स 20.81 अंक की तेजी के साथ 81,925.51 अंक पर खुला, लेकिन कुछ ही देर में लाल निशान में चला गया। यह ऊपर 81,998.51 अंक और नीचे 81,744.70 अंक तक गया।
निफ्टी-50 सूचकांक भी 4.90 अंक चढ़कर 25,118.90 अंक पर खुला। इसका उच्चतम स्तर 25,138.45 अंक और निचला स्तर 25,048.75 अंक रहा।
प्रमुख सूचकांकों के विपरीत निवेशकों ने मझौली और छोटी कंपनियों में निवेश किया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 0.47 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.65 प्रतिशत मजबूत हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयर लाल निशान में और शेष 10 के हरे निशान में बंद हुये। महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 1.67 प्रतिशत लुढ़क गया। एशियन पेंट्स में 1.66 प्रतिशत, इंफोसिस में 1.15 प्रतिशत, टाइटन में 1.14 फीसदी, सनफार्मा में 0.85 प्रतिशत और टीसीएस में 0.72 प्रतिशत की गिरावट में बंद हुआ। टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी और टाटा मोटर्स के शेयर लाल निशान में रहे।
बजाज फाइनेंस में 0.68 प्रतिशत की तेजी रही। इटरनल का शेयर 0.58 प्रतिशत, अल्ट्राटेक का शेयर 0.46 प्रतिशत और एलएंडटी का 0.33 प्रतिशत चढ़ा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, अडानी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और ट्रेंट के शेयर भी बढ़त में रहे।
विदेशों में एशियाई शेयर बाजारों में मिश्रित रुख रहा। जापान का निक्केई सूचकांक 0.89 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.22 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। वहीं, चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.26 फीसदी की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स सूचकांक 0.35 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.01 फीसदी ऊपर था।

Next Post

जयपुर पोलो टीम ने जीता चिंकारा पोलो कप के 15वें संस्करण का खिताब

Mon Sep 15 , 2025
जयपुर, 15 सितम्बर (वार्ता) जयपुर पोलो टीम ने कोग्निवेरा स्टैलियंस को हराकर चिंकारा पोलो कप के 15वें संस्करण का खिताब जीत लिया है। रक्षा सूत्रों ने सोमवार को बताया कि राजस्थान में जयपुर की सैन्य छावनी के 61 कैवलरी पोलो ग्राउंड में आयोजित फाइनल मुकाबले में जयपुर पोलो टीम ने […]

You May Like