जयपुर, 15 सितम्बर (वार्ता) जयपुर पोलो टीम ने कोग्निवेरा स्टैलियंस को हराकर चिंकारा पोलो कप के 15वें संस्करण का खिताब जीत लिया है।
रक्षा सूत्रों ने सोमवार को बताया कि राजस्थान में जयपुर की सैन्य छावनी के 61 कैवलरी पोलो ग्राउंड में आयोजित फाइनल मुकाबले में जयपुर पोलो टीम ने कोग्निवेरा स्टैलियंस को 8-7 से पराजित कर चिंकारा पाेलो कप का खिताब अपने नाम किया। चिंकारा पोलो कप 2025 का फाइनल नाटकीय अंदाज में समाप्त हुआ। इसमें दर्शकों को अंतिम सीटी बजने तक बांधे रखा। दर्शकों ने घुड़सवारी की कलात्मकता, खेल की भव्यता और उत्कृष्टता की खोज देखी जो सच्चे चैंपियन को परिभाषित करती है।
61 सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल रोहित मेहरोत्रा ने विजेता टीम को प्रतिष्ठित ट्रॉफी प्रदान की। लांस वॉटसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर टीम के लिए सर्वाधिक अंक जुटाए। यह टूर्नामेंट भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा खेलों में कौशल विकास और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि सप्त शक्ति कमांड के तत्वावधान में, चिंकारा पोलो कप 2025 पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ नौ सितंबर 2025 को शुरू हुआ। इसमें देश की कुल सात टीमों ने भाग लिया, जिनमें वी पोलो, गोहिलवाड़ पोलो, कोग्निवेरा स्टैलियंस, जयपुर पोलो टीम और सेना की टीमें शामिल थीं।

