छिंदवाड़ा:जिले ने शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना सत्र 2024-25 में मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले के 416 विद्यार्थियों के आइडिया चयनित हुए, जो कि प्रदेश में किसी भी अन्य जिले की तुलना में सर्वाधिक हैं। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2009-10 से विद्यार्थियों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रारंभ की गई थी।
इस योजना के तहत शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों द्वारा अपने नवाचारपूर्ण और व्यवहारिक विचार प्रस्तुत किए जाते हैं। सत्र 2024-2025 में जिले में 4353 विद्यार्थियों ने अपने आइडिया पोर्टल पर अपलोड किए, जिनमें से 416 विद्यार्थियों के आइडिया चयनित हुए। इन चयनित विद्यार्थियों को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा 10,000 रुपये की राशि उनके बैंक खाते में प्रदान की गई, ताकि वे अपने प्रोजेक्ट को और उत्कृष्ट बना सकें। इसके बाद, ये विद्यार्थी अपने प्रोजेक्ट/मॉडल को संभागीय, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकेंगे ।
