
इंदौर. शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक साथ सात थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से एमडी ड्रग्स, ब्राउन शुगर और गांजा जब्त किया है. कार्रवाई में तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने पकड़ी है.
पुलिस की अलग अलग टीमों ने चंदन नगर, तेजाजी नगर, खजराना, हीरानगर, भंवरकुआं, गांधी नगर और द्वारकापुरी क्षेत्र में कार्रवाई की. चंदन नगर में शकील खान से 22.42 ग्राम एमडी ड्रग्स और खजराना में मोहम्मद समीर खान से 12.6 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. वहीं, हीरानगर पुलिस ने पवन कटियार और हर्ष शूल को 12.90 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा. उनके पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई.
भंवरकुआं पुलिस ने सुरेश सिंह अहिरवार से छह ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की, जबकि तेजाजी नगर में भारत सेनानी के पास से एक किलो 703 ग्राम गांजा मिला. गांधी नगर में रितेश उर्फ राहुल शर्मा को 837 ग्राम और द्वारकापुरी में अभिषेक को एक किलो 499 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया. जब्त मादक पदार्थों में चंदन नगर से मिली एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 2.20 लाख रुपए, खजराना की एमडी ड्रग्स की 1.20 लाख रुपए और हीरानगर की ब्राउन शुगर की कीमत करीब 1.20 लाख रुपए बताई गई है. भंवरकुआं से जब्त ब्राउन शुगर की कीमत 60 हजार और तेजाजी नगर व द्वारकापुरी से मिले गांजे की कीमत क्रमश: 30 हजार और 20 हजार रुपए आंकी गई है. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर और खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है. पुलिस का प्रयास है कि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जाए.
