रांची रॉयल्स को हराकर जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने दर्ज की पहली जीत

रांची, 05 जनवरी (वार्ता) जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने सोमवार को रांची रॉयल्स को हराकर महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 में अपनी पहली जीत दर्ज की।

आज यहां मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने रांची रॉयल्स को 2-1 से हराया। विजेता टीम के लिए पेनी स्क्विब ने (पहले) और ओलिविया शैनन ने (39वें) मिनट में गोल दागे। जबकि रांची रॉयल्स के लिए एगोस्टिना अलोंसो ने (35वें) मिनट में गोल किया।

जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने शानदार शुरुआत की, पहले ही मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। उन्होंने दूसरे प्रयास का फायदा उठाया और ड्रैगफ्लिकर पेनी स्क्विब ने (पहले) मिनट में गोल करके अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। पहला क्वार्टर 1-0 के स्कोर पर समाप्त हुआ।

दूसरे क्वार्टर में रांची रॉयल्स ने अच्छी शुरुआत करते हुए जोरदार वापसी की और सूरमा को बैकफुट पर धकेल दिया। दूसरे क्वार्टर में 11 सर्कल एंट्री और तीन पेनल्टी कॉर्नर के साथ, उन्होंने बराबरी के गोल की तलाश में कई मौके बनाए, लेकिन वे मजबूत सूरमा की रक्षापंक्ति को भेद नहीं पाए। सूरमा ने हाफ टाइम तक 1-0 की बढ़त बनाए रखा।

दूसरे हाफ में सूरमा का डिफेंस आखिरकार टूट गया, जब हैना कॉटर उनके डिफेंस को भेदते हुए एगोस्टिना अलोंसो ने (35वें)मिनट में गोलकीपर को छकाते हुए गोल करके रांची रॉयल्स के लिए बराबरी कर ली। हालांकि, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने चार मिनट बाद ही अपनी बढ़त फिर से हासिल कर ली, जब ओलिविया शैनन ने (39वें) मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक से गोल किया।

आखिरी क्वार्टर में सूरमा अपनी डिफेंसिव रणनीति में अनुशासित रहे और 2-1 के साथ इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। इस स्कोरलाइन के कारण एसजी पाइपर्स ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

 

 

 

Next Post

राडुकानू ने ओसाका के खिलाफ यूनाइटेड कप मुकाबले से नाम वापस लिया

Mon Jan 5 , 2026
पर्थ (ऑस्ट्रेलिया), 05 जनवरी (वार्ता) ग्रेट ब्रिटेन की दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी एम्मा राडुकानू ने यूनाइटेड कप में नाओमी ओसाका के खिलाफ अपने मैच से नाम वापस ले लिया। राडुकानू की गैरमौजूदगी में ग्रेट ब्रिटेन ने ऑस्ट्रेलिया में जापान के खिलाफ 2-1 से ग्रुप-स्टेज जीत के साथ अपने यूनाइटेड कप […]

You May Like