
इंदौर. नशे के कारोबार पर कार्रवाई के दौरान चंदन नगर पुलिस ने धार रोड स्थित कलारिया में एक खंडहरनुमा कमरे से 22.42 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 2.20 लाख रुपए बताई है. आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस, आबकारी और मारपीट के छह मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उससे जुड़े सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.
पुलिस ने लक्ष्मीको कंपनी के पास संदिग्ध हालत में बैठे शकील पिता बाबू खान उम्र 45 साल को घेराबंदी कर पकड़ा था. तलाशी में उसके पास से एमडी ड्रग्स मिली. आरोपी आजाद नगर का रहने वाला है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है. जांच में इंदौर से राजस्थान के प्रतापगढ़ तक जुड़े संभावित ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को मादक पदार्थ कहां से मिलता था, इसकी सप्लाई कौन करता था और आगे किन लोगों को बेचा जाना था. इसके लिए सप्लायर से लेकर खरीदारों तक की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ जूनी इंदौर और संयोगितागंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं. इसके अलावा आजाद नगर थाने में भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट के चार प्रकरण दर्ज हैं. थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में ड्रग्स की खरीदी बिक्री और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.
