इजरायल ने नोबेल के शांति पुरस्कार के लिए ट्रम्प को किया नामित

वाशिंगटन 08 जुलाई (वार्ता) इजरायल सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है।

अमेरिका के दौरे पर पहुंचे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने श्री ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए योग्य उम्मीदवार बताते हुए कहा कि उनको (श्री ट्रम्प) पुरस्कार मिलना चाहिए। श्री नेतन्याहू ने श्री ट्रम्प को वह पत्र भी सौंप दिया है, जिसे उनकी सरकार की ओर से नोबेल पुरस्कार समिति को भेजा गया है। इस पत्र में श्री ट्रंप की ओर से शांति प्रयासों को बताते हुए उनको नोबेल शांति पुरस्कार देने की सिफारिश की गयी है।

उन्होंने श्री ट्रम्प से कहा कि आपको यह (शांति का नोबेल) मिलना चाहिए। आप इस सम्मान के लिए पूरी तरह से योग्य हैं। गौरतलब है कि इस साल जनवरी में श्री ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद श्री नेतन्याहू की अमेरिका की यह तीसरी यात्रा है। श्री नेतन्याहू की इस यात्रा का मकसद गाजा में संघर्ष विराम पर चर्चा करना है।

श्री नेतन्याहू ने अब्राहम समझौते जैसे शांति समझौतों की मध्यस्थता में श्री ट्रंप की भूमिका की प्रशंसा की, जिसका उद्देश्य इजरायल और विभिन्न अरब देशों के बीच संबंधों को सामान्य बनाना है। इसके साथ ही उन्होंने अन्य वैश्विक संघर्षों में शांति बनाए रखने में अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रम्प आप एक के बाद एक देश और एक क्षेत्र में शांति स्थापित कर रहे हैं। इसलिए, मैं आपको नोबेल पुरस्कार समिति को भेजा गया पत्र दिखाना चाहता हूँ। इसमें आपको शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है, जिसके आप हकदार हैं।”

गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान भी अमेरिकी राष्ट्रपति को नोबेल का शांति पुरस्कार देने की गुजारिश कर चुका है।

Next Post

अडानी पावर ने 600 मेगावाट विदर्भ पावर का अधिग्रहण पूरा किया

Tue Jul 8 , 2025
अहमदाबाद, 08 जुलाई (वार्ता) अडानी पावर लिमिटेड (एपीएल) ने 4,000 करोड़ रुपये के कुल निवेश से विदर्भ इंडस्ट्रीज पावर लिमिटेड (वीआईपीएल) का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। वीआईपीएल महाराष्ट्र के नागपुर जिले के बुटीबोरी में स्थित 300-300 मेगावाट क्षमता की दो इकाइयों का घरेलू कोयला आधारित बिजली संयंत्र है। वीआईपीएल […]

You May Like