सतना : इस वर्ष हुई मानसूनी बारिश ने न सिर्फ नदी तालाब और बांधों को लबालब भर दिया बल्कि किसानों के चेहरे भी खिल गए. लेकिन पिछले पखवाड़े भर से जारी चिलचिलाती धूप और जबरदस्त उमस के क्रम ने लोगों को बेहाल कर रखा है. रही सही कसर छुई-मुई बन चुकी विद्युत वितरण व्यवस्था भी पूरी कर दे रही है.
मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस लिहाज से अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी देखने को मिली.
इसी कड़ी में रात का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान में 24 घंटे में 0.9 डिग्री की बढ़ोत्तरी देखने को मिली. इसके साथ ही हवा ममें नमी की मात्रा 77 से 68 फीसदी के बीच बनी रही. चिलचिलाती धूप के कारण बढ़े हुए तापमान के साथ हवा में नमी की मात्रा ने मिलकर जबरदस्त उमस की स्थिति पैदा कर दी. तापमान भले ही 35.6 डिग्री सेल्सियस तक सीमित नजर आ रहा हो.
लेकिन हवा में नमी की बढ़ी हुई मात्रा ने लगभग 40 डिग्री की गर्मी का एहसास कराना शुरु कर दिया. इतना ही नहीं बल्कि जबरदस्त उमस भरी गर्मी के बीच बार बार कट रही बिजली ने लोगों को बुरी तरह हलाकान किए रखा.वहीं मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी पश्चिमी मानसून राजस्थान के कुछ हिस्सों से विदा ले चुका है. अगले कुछ दिनों में पंजाब और गुजरात से भी मानसून की विदाई हो जाएगी. जिसके बाद यह क्रम मप्र में भी शुरु होगा. यह देखते हुए जबरदस्त उमस झेल रहे जिलेवासी यही उपेक्षा कर रहे हैं कि मानसून की विदाई से पहले एक बार और झमाझम बारिश लोगों को तरबतर कर दे
