
सोहागपुर। नगर के एक निजी स्कूल में शनिवार को हिंदी दिवस के अवसर पर अशासकीय शिक्षक संगठन द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें ब्लॉक के निजी स्कूलों के उन शिक्षक शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है या लंबे समय से शिक्षा सेवा में योगदान दे रहे हैं।
आयोजक अशासकीय शिक्षण संगठन अध्यक्ष संदीप यादव एवं पंडित प्रदीप दुबे ने बताया सम्मान स्वरूप शिक्षकों को शील्ड व ‘एक पेड़ मां के नाम”’ अभियान के तहत पौधा भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं और प्राइवेट संस्थान भी शिक्षा जगत में अहम योगदान दे रहे हैं, जिन्हें सम्मानित करना गर्व की बात है। विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि अशासकीय संस्थानों के शिक्षक भी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं और उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने घोषणा की है कि क्षेत्र में एक बड़ा हाल बनाया जाएगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइब्रेरी एवं बच्चों के अध्ययन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा ने शिक्षकों से उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान करते हुए बेहतर रिजल्ट की अपेक्षा जताई और सभी को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सांसद, विधायक एवं पूर्व विधायक ने आचार्य अमरीश गोस्वामी द्वारा लिखित पुस्तिका का विमोचन भी किया। अध्यक्ष संदीप यादव ने सभी अतिथियों, विद्यालय संचालकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
