गुजरात टाइटंस ने बदली जर्सी का रंग, लैवेंडर पहनने के पीछे छिपा है ये बड़ा संदेश

गुजरात टाइटंस सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लैवेंडर जर्सी पहनकर उतरी। लगातार चौथे सीजन टीम इस खास जर्सी में नजर आई।

आईपीएल में हर टीम अपनी अलग जर्सी और रंग की वजह से पहचानी जाती है। गुजरात टाइटंस की पहचान भी अब तक नीली और गोल्डन जर्सी रही है, लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान फैंस उस वक्त हैरान रह गए, जब शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम लैवेंडर रंग की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरी। हालांकि इसके पीछे सिर्फ स्टाइल या बदलाव की सोच नहीं, बल्कि एक बेहद खास सामाजिक संदेश जुड़ा हुआ है।

कैंसर जागरूकता अभियान से जुड़ी है पहल
गुजरात टाइटंस लगातार चौथे सीजन लैवेंडर जर्सी पहन रही है। फ्रेंचाइजी ने इस पहल की शुरुआत साल 2023 में की थी। इसका मकसद कैंसर के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे लोगों, इस बीमारी को मात दे चुके मरीजों और उनके परिवारों के प्रति समर्थन दिखाना है। दुनियाभर में लैवेंडर रंग को कैंसर जागरूकता और एकजुटता का प्रतीक माना जाता है। गुजरात टाइटंस हर साल एक मैच में इस खास जर्सी के जरिए लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने का संदेश देती है। टीम का मानना है कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक बड़ा माध्यम भी है।

मोहम्मद सिराज ने दिया भावुक संदेश
मैच से पहले गुजरात टाइटंस ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा किया। वीडियो में टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इस पहल को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस सीजन टीम ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन खिलाड़ियों ने हमेशा सकारात्मक सोच बनाए रखी। सिराज ने कहा कि कैंसर से जूझ रहे लोगों के साथ खड़ा होना बेहद जरूरी है। उन्होंने माना कि गुजरात टाइटंस परिवार का इस अभियान का हिस्सा बनना गर्व की बात है। उनके अनुसार यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच मैच नहीं, बल्कि एक बड़े सामाजिक संदेश का हिस्सा भी है।

लैवेंडर जर्सी में गुजरात का खास रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस का लैवेंडर जर्सी के साथ यादगार रिकॉर्ड भी रहा है। 2023 में टीम ने पहली बार इस खास किट में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबला खेला था। उस मैच में शुभमन गिल ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया था और टीम ने शानदार जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला जाने वाला लैवेंडर मैच बारिश की वजह से पूरा नहीं हो सका। वहीं 2025 में गुजरात ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर इस जर्सी में जीत का स्वाद चखा था। अब आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की कोशिश सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने की है।

Next Post

कार पूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें

Wed May 13 , 2026
इंदौर: महापौर पुष्यमित्र भागर्व ने शहरवासियों से हफ्ते में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करने की अपील की है. साथ ही एक दिन नो कार डे और कार पूलिंग करने की बात कही है. महापौर स्वयं भी इस नियम का पालन करेंगे.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा है कि प्रधानमंत्री […]

You May Like