सारंगपुर। आगर रोड स्थित जयनगर के पास रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार दोपहर गेटमैन की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया. दोपहर 3:25 बजे गेट नम्बर 59 पर मेंटेनेंस इंजन (टावर वेगन ट्रेन) आने के बावजूद रेलवे गेट खुला हुआ था. उसी दौरान एक स्कूल वाहन रेलवे लाइन पार कर रहा था. अचानक ट्रेन के आने से वहां अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि यदि बस कुछ क्षण और रुक जाती तो तीन दर्जन से अधिक बच्चों से भरी स्कूल बस ट्रेन की चपेट में आ सकती थी. ग्रामीणों का कहना है कि यह लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थी.
ग्राम राधानगर, तरलाखेड़ी, चौडल्या, कुमारिया, सादनखेड़ी, शादीपुरा, रिजावता, मंडोदा, करजू और दास्ताखेड़ी के ग्रामीणों ने शनिवार को सारंगपुर रेलवे स्टेशन, एसडीएम और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए गेटमैन पर उचित कार्रवाई की मांग की.
इस संबंध में जब रेलवे स्टेशन मास्टर से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है.
