जयपुर, (वार्ता) पुनेरी पलटन ने प्रो कबड्डी लीग सीज़न 12 की अंकतालिका में अपनी शीर्ष स्थिति को बनाए रखते हुए शनिवार को जयपुर के एसएमएस इंडोर स्टेडियम में तेलुगु टाइटंस को 39-33 से मात दी।
पलटन की रक्षापंक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया, जहां गौरव खत्री (7 टैकल पॉइंट) और विशाल भरद्वाज (6 टैकल पॉइंट) ने हाई फाइव दर्ज किए। दूसरी ओर, तेलुगु टाइटंस के लिए भरत हुड्डा ने सुपर 10 पूरा किया, लेकिन यह टीम की हार टालने के लिए पर्याप्त नहीं रहा।
मुकाबले की शुरुआत जोरदार रही, जब असलम इनामदार और भरत हुड्डा ने शुरुआती अंक जुटाए। पंकज मोहिते की रेड और विशाल भरद्वाज का टैकल पलटन को बढ़त दिलाने में सफल रहे, लेकिन अवि दुहान के सुपर टैकल ने स्कोर 6-6 कर दिया। पहले क्वार्टर के अंत में पुनेरी पलटन 8-7 से मामूली बढ़त पर थी।
इसके बाद मौजूदा चैंपियनों ने पहला ऑल आउट झटका, जिसमें विशाल का अहम टैकल निर्णायक साबित हुआ। हालांकि विजय मलिक की रेड ने टाइटंस को संघर्ष में बनाए रखा, लेकिन पलटन का दबदबा बढ़ता गया। गौरव खत्री ने पहले हाफ में चार टैकल अंक बटोरे, जबकि असलम इनामदार ने दोनों छोर पर दमखम दिखाया। हाफ टाइम तक स्कोर 24-14 से पलटन के पक्ष में था।
दूसरे हाफ में भी कहानी वही रही। आदित्य शिंदे और पंकज मोहिते लगातार दबाव बनाए रहे, जबकि भरत हुड्डा ने टाइटंस के लिए अंतर घटाने की कोशिश की। लेकिन गौरव खत्री ने हुड्डा पर सुपर टैकल कर न केवल अपना हाई फाइव पूरा किया बल्कि टाइटंस की लय भी तोड़ दी।
अवि दुहान ने एक और सुपर टैकल से जवाब दिया और हुड्डा ने अपना सुपर 10 पूरा किया, लेकिन विशाल भरद्वाज के लगातार अंक पलटन को पूरी तरह नियंत्रण में रखते रहे। अंतिम क्षणों में भी पलटन ने समझदारी से खेलते हुए मुकाबला 39-32 से अपने नाम किया और अंकतालिका में शीर्ष स्थान फिर से हासिल कर लिया।
