इंदौर: कनाड़िया रोड पर दो दोस्तों के बीच शुरू हुई बहस उस समय बिगड़ गई, जब एक युवक ने जातिसूचक शब्द कहने के बाद अपने साथियों को बुला लिया. आरोप है कि युवक की कॉलर पकड़कर मुक्का मारा गया और उसके साथी ने डंडे से हमला कर दिया.8 मील खुड़ैल निवासी शिवम चौधरी ने पुलिस को बताया कि गुलमर्ग परिसर के पास उसकी नवीन सिंह से कॉलेज की पुरानी बातों और राजनीतिक मुद्दों को लेकर बहस हो रही थी.
इसी दौरान नवीन ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. शिवम ने पुलिस को बताया कि वह गाड़ी से नीचे उतरा तो नवीन अपने कुछ साथियों के साथ उसके पास आया. नवीन ने कॉलर पकड़कर सीने पर मुक्का मारा. इसके बाद उसके एक साथी ने डंडे से शिवम के शरीर पर कई वार किए. घटना में घायल शिवम ने कनाड़िया थाने पहुंचकर शिकायत की. पुलिस ने नवीन सिंह और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट व एससी एसटी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
