सतना :पिछले दो दिनों से जारी सूखे और उमस भरी गर्मी से लोगों को उस वक्त फौरी राहत मिलती नजर आई जब रविवार दोपहर बाद झमाझम बारिश देखने को मिली. आलम यह रहा कि महज डेढ़ घंटे में ही 53.9 मिमी पानी बरस गया. जिसके चलते शहर के प्रमुख स्थानों पर जल भराव की समस्या खड़ी हो गई.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इस लिहाज से न सिर्फ इसमें पिछले 24 घंटे में 2.6 डिग्री की बढ़ोत्तरी देखने को मिली बल्कि यह सामान्य की तुलना में भी 0.5 डिग्री अधिक पाया गया.
इसी कड़ी में न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो कि 24 घंटे में 1.9 डिग्री बढ़ गया और साथ ही सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक पाया गया. हलांकि शहर में पिछले दिनों से बारिश नहीं होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से दो चार होना पड़ रहा था. लेकिन रविवार की दोपहर तक यह तासीर कई गुना अधिक बढ़ गई. बादलों की आवाजाही के बावजूद भी लोग उमस से हलाकान नजर आए. लेकिन दोपहर के दो बजे के बाद बादलों के जमघट के साथ ही आसमान में गडग़ड़ाहट शुरु हो गई. देखते ही देख्रते झमाझम बारिश का दौर शुरु हो गया. बारिश का यह दौर लगभग डेढ़ घंटे तक जारी रहा. लेकिन बारिश की तीव्रता कुछ ऐसी रही कि इसी दौरान 51.9 मिमी बारिश दर्ज कर ली गई. हलांकि बारिश के चलते उमस भरी गर्मी से फौरी राहत मिली. लेकिन बिजली की लुकाछिपी के चलते लोगों की परेशानी कम नहीं हुई.
जगह-जगह भरा पानी
वैसे तो नगर निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा पिछले 2 महीने से शहर के सभी नाले-नालियों की सफाई कराने का दावा किया जा रहा है. लेकिन जैसे ही तेज बारिश होती है वैसे ही यह दावा खोखला नजर आने लगता है. कुछ ऐसे ही हालात रविवार दोपहर बाद शहर के प्रमुख स्थानों पर देखने को मिले. अस्पताल रोड से लेकर अस्पताल परिसर, सर्किट हाउस चौराहा, अंडर ब्रिज, जगतदेव तालाब रोड, रीवा रोड, लालता चौक व आसपास के क्षेत्र की सडक़ें बारिश के दौरान लाबालब बनी रहीं. आलम यह रहा कि लाड़ली लक्ष्मी पथ पर भी घुटनों तक पानी भरा नजर आया.
