
भोपाल। बढ़ती महंगाई के खिलाफ आज मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर रसोई संसद का आयोजन कर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जमीन पर प्रतीकात्मक चूल्हा-रसोई सजाकर खाली उज्ज्वला सिलेंडर, खाली कढ़ाई तथा टमाटर, प्याज और खाद्य तेल की बढ़ी कीमतों के बोर्ड के माध्यम से आम परिवारों की परेशानियों को सामने रखा।
प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेठिया ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने घर-घर की रसोई का संतुलन बिगाड़ दिया है। गैस सिलेंडर, खाद्य तेल और सब्जियों की कीमतें आम परिवार की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश का बजट बनाया जा रहा है, लेकिन घर का बजट बिगड़ता जा रहा है और उज्ज्वला का सिलेंडर कई घरों में शोपीस बनकर रह गया है। खाली कढ़ाई सरकार से जवाब मांग रही है कि आम महिला अपने परिवार का पेट कैसे भरे।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली चकले पर रोटी बेलकर यह संदेश दिया कि महंगाई के कारण रसोई से सब्जियां और पोषण दोनों गायब होते जा रहे हैं। महिला कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कटौती की जाए, आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दाम नियंत्रित किए जाएं और आम परिवारों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। संगठन की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो प्रदेशभर में रसोई संसद अभियान चलाया जाएगा।
