
भोपाल। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के भोपाल व्यवसाय क्षेत्र की दूरसंचार सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को टी.टी. नगर स्थित प्रधान महाप्रबंधक कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने की, जिसमें समिति के अन्य सदस्यों ने भी भाग लिया।
बैठक के दौरान भोपाल व्यवसाय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भोपाल, राजगढ़ और रायसेन जिलों में दूरसंचार सेवाओं के विस्तार, नेटवर्क की गुणवत्ता में सुधार तथा नई तकनीकी सुविधाओं के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपभोक्ताओं को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई सुझावों पर भी विचार किया गया।
इस अवसर पर प्रधान महाप्रबंधक महेंद्र सिंह धाकड़ ने विभाग की वर्तमान गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने सेवा सुधार के लिए चल रहे कार्यों और भविष्य की रणनीतियों पर प्रकाश डाला। बैठक में व्यवसाय क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर अपने सुझाव साझा किए।
