सिंहस्थ: नए घाटों का होगा नामकरण, देवी अहिल्या और विक्रमादित्य के नाम पर होंगे घाट

उज्जैन: महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 29 किलोमीटर लंबे घाट बनाए जा रहे हैं जिनका नामकरण भी किया जाएगा, अभी यह तय नहीं किया गया है कि कौन से नाम रखे जाएंगे, बावजूद इसके एक घाट का नाम देवी अहिल्या और एक घाट का नाम विक्रमादित्य के नाम पर भी रखा जाएगा. मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने घाट भूमि पूजन के दौरान अधिकारियों को ये निर्देश दिए थे.धार्मिक राजधानी अवंतिका का वैभव विश्व भर में विख्यात है बाबा महाकाल और मोक्षदायिनी माँ शिप्रा के साथ ही महाकुंभ का जो संयोग बना है उसने देश और दुनिया को अपनी तरफ आकर्षित किया है. यही कारण है कि केंद्र से लेकर मध्य प्रदेश सरकार यहां करोड़ अरबों का बजट खर्च कर आगंतुक अतिथियों साधु संतों के लिए विकास कार्य कर रही है.
अपर मुख्य सचिव ने लिया संज्ञान
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर संज्ञान लेने उज्जैन आये अपर मुख्य सचिव संजय दुबे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई. बैठक में निर्णय लिया गया कि नवीन स्नान घाटों का नामकरण किया जाएगा और इनके निर्माण में रेड सेंड स्टोन का उपयोग होगा. घाटों के समानांतर साइकिल ट्रैक तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से छायादार वृक्षारोपण कराने पर भी जोर दिया गया.
घाट पर समुचित व्यवस्था हो
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात योजना इस तरह तैयार की जाए जिससे स्नान, पर्व स्नान और आवागमन सुगम हो. घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे, वहीं महाकाल मंदिर में सुलभ दर्शन और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी बेरिकेडिंग की व्यवस्था होगी.
पंचकोशी मार्ग होगा चौड़ा
बैठक में रामवासा-नरवर, धरमबडला-नईखेड़ी, आगर रोड–पंवासा और पंचक्रोशी मार्ग चौड़ीकरण पर चर्चा हुई। साथ ही क्षिप्रा नदी के पूर्वी भाग पर सड़क निर्माण और चौड़ीकरण से इंदौर-देवास रोड से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी. रेलवे ट्रैक निर्माण कार्यों को लेकर रेलवे अधिकारियों से समन्वय और डिजाइन अप्रूवल के निर्देश दिए गए.
यह अफ़सर रहे मौजूद
बैठक में संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, आयुक्त संकेत भोंडवे, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, यूडीए सीईओ संदीप सोनी, महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. सभी विभागों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की.

Next Post

मोदी ने हासन दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया, अनुग्रह राशि की घोषणा की

Sat Sep 13 , 2025
नयी दिल्ली 13 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के हासन में गणेश विसर्जन के दौरान हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। श्री मोदी ने शनिवार को […]

You May Like