
रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के वाणिज्य विभाग में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत मनीराम पटेल ने 90वीं ऑल इंडिया रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल कर न केवल रतलाम मंडल बल्कि पश्चिम रेलवे का नाम भी गौरवान्वित किया है। यह चैंपियनशिप पूर्व रेलवे, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में आयोजित की गई, जिसमें श्री पटेल ने 35 किलोमीटर पैदल चाल प्रतियोगिता में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। उनकी इस सराहनीय उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने उन्हें सम्मानित करते हुए भविष्य में और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) एवं सचिव, रतलाम मंडल खेलकूद संघ पीयूष पांडेय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हीना वी. केवलरामानी, वाणिज्य विभाग के अन्य अधिकारीगण तथा मुख्य कल्याण निरीक्षक (खेलकूद) हरीश चांदवानी ने भी श्री पटेल को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
