
सागर । पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिलगन में आयोजित कार्यक्रम मे रहली विधायक पंडित गोपाल भार्गव के करकमलों से 136 निशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में पढ़ने वाले 12 गाँवों के छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं।उन्होंने कहा कि हिलगन स्कूल में शिक्षा की उत्तम व्यवस्था है, जिससे यहाँ के विद्यार्थी निरंतर लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के चेहरों पर विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखी गई। श्रीभार्गव ने घोषणा की कि विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैंड, सांस्कृतिक मंच, तथा कुएँ पर जाल डालने के कार्यों के लिए विधायक निधि से राशि स्वीकृत की जाएगी। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ को इस कार्य को तत्काल प्रभाव से आरंभ करने के निर्देश दिए।विद्यालय के प्राचार्य शरद कुमार गौतम ने शैक्षणिक प्रगति और उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों में विद्यालय का परीक्षा परिणाम 95% से ऊपर रहा है।कार्यक्रम का संचालन उप प्राचार्य राम मिलन मिश्रा द्वारा किया गया।
