
चितरंगी। थाना क्षेत्र के ग्राम सुकहर में आपसी रंजिश के चलते एक घर में ठहरे मेहमान पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रामसुरेश भारती ने पहले डायल 112 पर झूठी सूचना दी कि घर में चोर घुसा है। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां एक व्यक्ति खून से लथपथ अचेत अवस्था में मिला। जांच में पता चला कि घायल राजेश बंसल पिछले दो दिनों से मेहमान के रूप में उनके घर पर रुका हुआ था। विवाद के बाद रामसुरेश के भाई राधेश्याम ने फोन कर उसे भड़काया और राजेश को मारने की सलाह दी। इसके बाद रामसुरेश ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बैढ़न रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों रामसुरेश और राधेश्याम भारती को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(1), 62, 109(1), 3, 5 के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। घटना का त्वरित खुलासा करने में थाना प्रभारी सुधेश तिवारी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
