सीहोर। होमगार्ड लाइन में सात दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया. प्रशिक्षण में चयनित 150 सिविल डिफेंस वालेंटियर्स उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं.
प्रशिक्षण के दौरान वालेंटियर्स को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली राहत एवं बचाव प्रक्रियाओं, नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारियों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया. साथ ही उन्हें बताया कि संकट की स्थिति में प्रशासन और आमजन के बीच समन्वय स्थापित करने में सिविल डिफेंस वालेंटियर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है.
जिला कमांडेंट श्रीमती नीलमणी लाडिया ने कहा कि सिविल डिफेंस वालेंटियर्स समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं. आपदा की घड़ी में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तत्परता अनेक लोगों का जीवन बचाने में सहायक सिद्ध होती है. वर्तमान समय में आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रशिक्षित नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है. यह प्रशिक्षण वालेंटियर्स को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक कौशल भी प्रदान करेगा, जिससे वे किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन कर सकें.
प्रशिक्षण में प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव, आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा, आपातकालीन संचार व्यवस्था तथा राहत कार्यों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा. यह प्रशिक्षण जिला कमांडेंट होमगार्ड नीलमणी लाडिय़ा, कंपनी कमांडर अशोक पाटीदार, महेंद्र वर्मा तथा एएसआई सीएस चंदेरिया द्वारा दिया जा रहा है.
