
सिंगरौली। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि अब हर बुधवार को राजस्व, निर्माण और स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठक में उन्होंने लंबित पीएम आवास डीपीआर को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। शहर की सड़कों पर विचरण कर रहे आवारा मवेशियों को लेकर देवरा स्थित गौशाला में चारा-पानी की व्यवस्था, फेसिंग तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। रात में मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजने के लिए दल गठित करने पर भी बल दिया।
सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई प्रकरणों को लंबित न रखने, निविदा समिति की नस्तियों का शीघ्र निस्तारण करने और अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। साथ ही उपयंत्रियों को प्रतिदिन कार्य डायरी लिखने और माहांत में समीक्षा हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
