सतना: गोली चलने और तेज पटाखों जैसी आवाज निकालने वाली बुलेट बाइक के जब्त 120 साइलेंसर पर शनिवार को यातायात पुलिस ने रोड रोलर चलवा दिया। एसपी हंसराज सिंह के निर्देशन में एडिशनल एसपी शिवेश सिंह बघेल, डीएसपी संजय खरे की मौजूदगी में यातायात थाना में यह कार्रवाही की गई। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज शुक्ला, सूबेदार पूनम रावत और रामदेवी राय भी मौजूद रहीं।
डीएसपी खरे ने बताया कि बुलेट बाइक में अमानक साइलेंसर लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाही करते हुए यह साइलेंसर जब्त किए गए थे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि नियमों का पालन करते हुए दोपहिया वाहन चलाएं। यह भी कहा कि अब पुलिस सख्ती बरतने के लिए ऐसे वाहनों पर न्यायालयीन कार्रवाही करेगी।
